22 अप्रैल 2011
पुट्टापर्थी (आंध्र प्रदेश)। आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा की हालत अत्यंत गम्भीर बनी हुई है। बाबा के इलाज में जुटे डॉक्टरों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अनंतपुर जिले के पुट्टापर्थी में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सत्य साईं अस्पताल की ओर से शुक्रवार सुबह जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक गुरुवार से उनके स्वास्थ्य में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बाबा के लीवर ने काम करना बंद कर दिया है जबकि अन्य अंग भी ठीक तरीके से काम नहीं कर रहे हैं।
अस्पताल के निदेशक ए.एन. सफाया ने कहा कि अब भी उनके प्रमुख अंगों पर इलाज का बेहद ही कम असर दिख रहा है।
स्वास्थ्य बुलेटिन में उन्होंने कहा, "वह वेंटिलेटर की सहायता से सांस ले रहे हैं। गुर्दे की सहायता के लिए उन्हें डायलेसिस के सीआरआरटी सिस्टम पर रखा गया है। निम्न रक्तचाप और हृदय गति निम्न बनी हुई है।"
बुधवार से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बुधवार को उनके प्रमुख अंगों पर इलाज का बेहद कम असर देखा गया। 85 वर्षीय साईं बाबा को उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद 28 मार्च को अस्पताल में भर्ती किया गया था।
सत्य साईं बाबा की बिगड़ती हालत से उनके देश-विदेश के श्रद्धालु चिंतित हैं। पुलिस ने इलाके में धारा 144 लगा दी है। सुरक्षाबलों ने अस्पताल की भी घेराबंदी कर दी है। अस्पताल की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिये गए हैं।
अनंतपुर और रायलसीमा के विभिन्न जिलों से सैकड़ों पुलिसकर्मियों को हटाकर पुट्टापर्थी में तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भी पुलिसकर्मियों को यहां लाया जा रहा है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।