HindiLok Mobile edition
मुख्य पृष्ठ | राशिफल | खेल | बॉलीवुड

श्री सत्य साईं के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरु

27 अप्रैल 2011

पुट्टापर्थी। आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा का अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ प्रशांति निलयम में बुधवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुरू हो गया।

अंतिम संस्कार सुबह नौ बजे साईं कुलवंत हाल में शुरू हुआ। बाबा यहीं पर श्रद्धालुओं को दर्शन देते थे और प्रवचन करते थे।

आश्रम के अंदर जैसे ही अंतिम संस्कार शुरू हुआ, प्रशांति निलयम के बाहर पुलिस कर्मियों ने बाबा को बंदूकों की सलामी दी। बाबा के भतीजे आर.जे. रत्नाकर ने पार्थिव शरीर पर पवित्र जल छिड़कने जैसी परम्पराएं पूरी की।

अंतिम संस्कार का जीवंत प्रसारण विभिन्न टीवी चैनलों पर हो रहा है। अंतिम संस्कार में बाबा के पारिवारिक सदस्यों, सत्य साईं केंद्रीय न्यास के सदस्यों व अधिकारियों, बाबा के करीबी शिष्यों और विशिष्ट व्यक्तियों सहित केवल 600 लोग हिस्सा ले रहे हैं।

इसके पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटील, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ई.एस.एल.नरसिम्हन, मुख्यमंत्री एन.किरण कुमार रेड्डी, पूर्व मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू और आंध्र प्रदेश व कर्नाटक के कई मंत्रियों ने बाबा को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।

हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मंगलवार मध्य रात्रि तक बाबा का अंतिम दर्शन किया। साई बाबा (85) का रविवार को निधन हो गया था।


Home | About Us | Feedback | Privacy Policy | Terms