HindiLok Mobile edition
मुख्य पृष्ठ | राशिफल | खेल | बॉलीवुड

ममता के शपथ ग्रहण समारोह में होगी कड़ी सुरक्षा

19 मई 2011

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की पहली महिला मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी। इसके मद्देनजर राजभवन के इर्द-गिर्द सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शपथ ग्रहण समारोह में राजनीति, व्यवसाय, कला और संस्कृति क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग शामिल होंगे।

संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) जावेद शमीम ने बताया, "रायटर्स भवन के सामने स्थित राजभवन परिसर में हमने वरिष्ठ उपायुक्तों के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई दल को तैनात किया है।"

राजभवन, शहीद मिनार और राज्य सचिवालय रायटर्स की इमारतों के दो किलोमीटर के दायरे में विशेष सुरक्षा बन्दोबस्त किए गए हैं।

राज्यपाल एम.के. नारायणन ममता को राज्य की आठवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलवाएंगे। इस अवसर पर 3,200 लोगों को आमंत्रित किया गया है।

मेहमानों की सूची में पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य और वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस भी शामिल हैं।

तृणमूल के वरिष्ठ नेता पार्थ चटर्जी शपथ ग्रहण समारोह के लिए गुरुवार को खुद ही भट्टाचार्य को आमंत्रित करने उनके आवास पर गए थे।

इसके अलावा निमंत्रण सूची में उद्योगपति जी.पी. गोयनका, एस.के. बिरला, दीपक खेतान और पवन रुइया शामिल हैं।

शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.55 बजे राष्ट्रगान के साथ प्रांरभ होगा। इसके बाद 1.01 बजे ममता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। यह कार्यक्रम तकरीबन सवा एक घंटे तक चलेगा।


Home | About Us | Feedback | Privacy Policy | Terms