10 अगस्त 2011
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को राजधानी में एक दिन पहले पार्टी के युवा मोर्चे के कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम को हटाए जाने की मांग की।
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने पत्रकारों से कहा कि चूंकि चिदम्बरम राष्ट्रीय राजधानी में कानून एवं व्यवस्था के प्रभारी हैं इसलिए उन्हें हटाया जाना चाहिए।
स्वराज ने कहा, "हम प्रधानमंत्री से चिदम्बरम को हटाए जाने की मांग करते हैं।"
उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों में कथित अनियमितताओं के खिलाफ भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में करीब 60 कार्यकर्ता घायल हो गए।
स्वराज ने कहा कि दिल्ली में युवा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज और मंगलवार को पुणे के समीप पुलिस गोलाबारी में चार प्रदर्शनकारी किसानों के मारे जाने के विरोध में भाजपा ने आवाज उठाई जिसके चलते संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
स्वराज ने आरोप लगाते हुए कहा, "संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार केवल भ्रष्ट ही नहीं बल्कि दमनकारी भी है।"