2 सितंबर 2011
दिल्ली। अन्ना हज़ारे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी लोकपाल पर बनी स्टैंडिग कमेटी में बने रहेंगे। कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को इस खबर की पुष्टि कर दी गई है।
इससे पहले मनीष तिवारी की ओर से ही ये बयान आया था कि वे इस कमेटी से अलग होना चाहते हैं। इसके बाद से ये कयास लगने लगा था कि लोकपाल कमेटी में काफी फेर बदल संभव है। लेकिन आज कांग्रेस ने इन खबरों पर विराम लगा दिया।
मनीष तिवारी ने अन्ना आंदोलन के दौरान अन्ना हज़ारे पर कई आपत्तिजनक टिप्पणी किया था। इससे मीडिया में मनीष तिवारी के साथ साथ कांग्रेस पार्टी की भी जम कर किरकिरी हुई। बाद में मनीष तिवारी ने अपने बयान के लिए सार्वजनिक माफी भी मांगी थी। स्टैंडिंग कमेटी से अलग होने का मनीष तिवारी का फैसला इसी से जोड़कर देखा गया।
अभिषेक मनु सिंघवी पहले की तरह कमेटी के अध्यक्ष बने रहेंगे। लेकिन अब मनीष तिवारी को स्टैंडिंग कमेटी में बनाये रखकर कांग्रेस ने तय कर दिया है कि उन्हें मनीष तिवारी के बयान को कोई आपत्ति नहीं है।