15 अक्टूबर 2011
कश्मीर। अब ज़रा एक बार रेल से जम्मू से बनिहाल के रास्ते कश्मीर जाकर देखें। इस सफर में एक रास्ता ऐसा भी आयेगा जब दिन में ही रात हो जाएगी, बाहर बत्तियां जलती दिखेंगी और यहां तक कि आपको अपने कंपार्टमेंट की बत्तियां भी जलानी पड़ जाएगी। ऐसी स्थिति चंद सेकेंड के लिए नहीं बल्कि 5-10 मिनट तक बनी रहेगी। हैरान न हो, ये कोई कुदरत का चमत्कार नहीं हमारे इंजिनियरों की कारिगरी है जो भारत की अब तक सबसे लंबी रेल सुरंग को तैयार कर दिया है।
भारतीय रेल ने शुक्रवार को घाटी में 10.96 किलोमीटर लम्बी रेल सुरंग को यातायात के लिए खोल दिया है। यह देश की अब तक की सबसे लम्बी रेल सुरंग है जो कश्मीर घाटी को देश के दूसरे हिस्सों से जोड़ेगी। यह सुरंग भारतीय रेल की उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना का एक हिस्सा है जो इस समय जवाहर सड़क सुरंग से करीब आधे किलोमीटर नीचे से गुजरती है।
इस सुरंग का निर्माण हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एचसीसी) ने किया है। परियोजना प्रबंधक एस. याला के मुताबिक यह सुरंग जम्मू क्षेत्र को कश्मीर घाटी से बनिहाल में जोड़ती है। इसका निर्माण कंपनी को 6 साल लगे हैं। परियोजना को 391 करोड़ रुपये की लागत में तैयार किया गया है।
कम्पनी ने मुताबिक ये सुरंग 8.405 मीटर चौड़ी और 7.393 मीटर ऊंची है। इसके साथ इस रेल सुरंग में पटरी के बगल से 3 मीटर चौड़ी सड़क का भी निर्माण किया गया है। इस सड़क को ट्रैक के रख रखाव और आपात स्थिति के लिए तैयार किया गया है।
इस सुरंग से काजीगुंड से बनिहाल जाने की दूरी को कम किया गया है। अब इन दोनों स्टेशन की दूरी 11 किलोमीटर कम हो गई है। इससे इस सफर के यात्रियों को भी काफी फायदा होगा