HindiLok Mobile edition
मुख्य पृष्ठ | राशिफल | खेल | बॉलीवुड

व्यायाम से घटता है कैंसर का जोखिम

4 जनवरी 2012

सिडनी।  जो लोग शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय रहते हैं उनमें दूसरों की तुलना में आंत के कैंसर का खतरा कम रहता है। एक आस्ट्रेलियाई अध्ययन में यह बात सामने आई है। वेस्टर्न आस्ट्रेलिया विश्वविद्यालय (यूडब्ल्यूए) व वेस्टर्न आस्ट्रेलियन इंस्टीट्यूट फॉर मेडीकल रिसर्च (डब्ल्यूएआईएमआर) के शोधकर्ताओं के मुताबिक जो लोग शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय रहते हैं, वे आंत के कैंसर से बचे रहते हैं।

शोधकर्ताओं ने आंत कैंसर से पीड़ित 870 प्रतिभागियों और पूरी तरह से स्वस्थ 996 लोगों के समूह पर यह अध्ययन किया था।

प्रतिभागियों से उनकी मनोरंजक शारीरिक सक्रियताओं, जीवनशैली, खुराक, ध्यान लगाने व व्यवसाय के विषय में पूछा गया।

यूडब्ल्यूए के डॉक्ट्रेट के छात्र टेरी बोयल ने लायंस कैंसर इंस्टीट्यूट का समर्थन करते हुए कहा कि यह अध्ययन पूर्व के शोध की पुष्टि करता है। पूर्व शोध में कहा गया था कि कम सक्रिय लोगों की तुलना में शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय लोगों में आंत कैंसर का खतरा कम होता है।

बोयल ने कहा, "हमें कुछ ऐसे संकेत भी मिले हैं जो बताते हैं कि आंत कैंसर का खतरा कम करने के लिए किस प्रकार की सक्रियता जरूरी है।"

अध्ययन में पाया गया कि जो लोग अपने जीवन में शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय रहे उनमें आंत कैंसर का खतरा 40 प्रतिशत तक कम था।

इससे पता चलता है कि दौड़ लगाने, साइकिल चलाने, तैराकी करने और टेनिस, हॉकी, नेटबॉल व फुटबॉल जैसे खेल खेलने से आंत कैंसर का खतरा काफी कम हो सकता है।

एक अन्य अध्ययन में देखा गया कि युवावस्था के व्यायाम की तुलना में 51 साल की उम्र पार होने के बाद की शारीरिक सक्रियता आंत कैंसर के खतरे को कम करने में ज्यादा मददगार होती है।

 


Home | About Us | Feedback | Privacy Policy | Terms