2 अप्रैल 2012
सचिन, जिनके लिए क्रिकेट विश्व कप जीतना बचपन का सपना था, को विश्वास नहीं हो रहा है कि 28 वर्षो के लम्बे इंतजार के बाद विश्व कप का ताज हासिल करने को 12 महीने गुजर गए हैं।
सचिन ने ट्वीट किया, "समय बीतता है, लेकिन यादें रह जाती हैं। क्या दिन था वो!!! 02-04-2011।"
गत वर्ष दो अप्रैल को भरत ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को पराजित कर 28 सालों का सूखा खत्म करते हुए विश्व क्रिकेट का शहंशाह बना। भारतीय टीम ने इस जीत को सचिन तेंदुलकर को समर्पित किया। सचिन जीत की खुशी में अपने आंसू नहीं रोक पाए थे।
भारत के सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी इस दिन को याद करते हुए सभी साथी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और प्रशंसकों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने ट्वीट किया, "विश्वास नहीं हो रहा है कि विश्व चैम्पियन बनने के बाद एक साल गुजर गए। हर किसी ने इस सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाई। सभी प्रशंसकों को धन्यवाद।"
उन्होंने आगे लिखा, "सभी साथी खिलाड़ियों को मैं गले से लगाता हूं। भरतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को विशेष धन्यवाद, क्योंकि हमारी जरूरतों के प्रति वह संवेदनशील बनी रही और हर वह चीज उपलब्ध कराई जिसकी हमें जरूरत थी।"
सुरेश रैना ने ट्वीट किया, "वह क्या क्षण था। यह मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दिन था।"