25 मई 2012
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को उस समय सबको चौंका दिया जब वे उन्नाव जिले में कुछ सरकारी गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। मुख्यमंत्री अखिलेश ने कुछ अधिकारियों के साथ लखनऊ से सटे उन्नाव जिले के नौतनी, मोहान, मियागंज और मोहान कस्बे स्थित गेहूं क्रय केंद्रों पर औचक दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने गेहूं क्रय केन्द्रों पर खुद सारे इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री को लगभग सभी केंद्रों पर व्यवस्था में खामियां नजर आईं, जिन पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री ने क्रय केंद्र पर अपना गेहूं बेचने आए किसानों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने किसानों से ये जानकारी भी ली कि खरीद केंद्र पर उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 1,285 रुपये मिल रहे हैं या नहीं।
मुख्यमंत्री अखिलेश ने संवाददाताओं से कहा कि क्रय केंद्रों पर गेंहू खरीद के इंतजामों में कमियां पाई गईं। किसानों द्वारा शिकायतें की गई हैं कि क्रय केंद्रों पर उनका उत्पीड़न होता है। अधिकारियों के इस लापरवाही पूर्ण रवैए पर कारवाई होगी।