28 जून 2012
चेन्नई। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से आग्रह किया है कि वह श्रीलंका की नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की प्रताड़ना का मुद्दा वहां की सरकार के साथ उठाएं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लिखे पत्र में जयललिता ने कहा, "मैं यह दोहराना चाहती हूं कि तमिलनाडु के मछुआरे भौगोलिक अथवा राजनीतिक सीमाओं की परवाह किए बगैर लम्बे समय से कच्चातिवू में मछलियां पकड़ते आ रहे हैं।" जयललिता ने यह पत्र बुधवार को लिखा था, जिसे गुरुवार को सार्वजनिक किया गया।
कच्चातिवू के नजदीक श्रीलंका की नौसेना द्वारा मंगलवार को भारतीय मछुआरों को प्रताड़ित करने की घटना का जिक्र करते हुए जयललिता ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि वह इस मुद्दे को श्रीलंका सरकार के समक्ष उठाएं और सरकार से नौसेना को यह निर्देश देने के लिए कहें वह भारतीय मछुआरों को प्रताड़ित न करे, जो परम्परागत जल में मछली पकड़कर अपनी आजीविका चलाते हैं।
उन्होंने कहा कि मंगलवार की घटना से तमिलनाडु हैरान है और भारतीय मछुआरों के मन में डर बैठ गया है।
जयललिता के अनुसार, 26 जून को 45 नौकाओं में सवार मछुआरे कच्चातिवू में मछलियां पकड़ रहे थे, जब श्रीलंका की नौसेना ने उन्हें खदेड़ दिया। उन्होंने 10 नौकाओं के जाल को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे मछुआरों को व्यापक नुकसान पहुंचा।
कच्चातिवू पाक जलडमरूमध्य में एक छोटा सा भारतीय द्वीप है, जिसे भारत ने 1974 में श्रीलंका को दे दिया था।