लॉस एंजेलिस, 10 अगस्त, उनकी मौत के डेढ महीने बाद पॉप स्टार माइकल जैक्सन को हॉलीवुड हिल्स के फॉरेस्ट लॉन कब्रगाह में अज्ञात स्थान पर दफनाया गया। वेबसाइट 'मिरर डॉट को डॉट यूके' के अनुसार जैक्सन को जिस जगह पर दफनाया गया है उसकी जानकारी केवल पॉप स्टार के परिजनों और कब्रगाह प्रबंधन को है। सूत्रों के अनुसार सुरक्षा कारणों से जैक्सन को फॉरेस्ट लॉन के अज्ञात स्थान पर दफनाया गया है। सूत्रों का कहना है कि आशंका इस बात की है कि जैक्सन के हजारों प्रशंसक उनकी कब्रगाह पर पहुंचकर सुरक्षा संबंधी परेशानी खड़ी कर सकते हैं या फिर कब्र को नुकसान पहुंचा सकते हैं। यही कारण है कि जहां पॉप स्टार को दफनाया गया है उस जगह के बारे में जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, अपने जीवनकाल में हमेशा विवादों में रहे जैक्सन की मौत के रहस्य से अभी तक पर्दा नहीं उठ पाया है। केवल 50 साल की उम्र में उनके अचानक मौत की वजह के बारे में अभी भी कयास ही लगाए जा रहे हैं।