Samanya RSS Feed
Subscribe Magazine on email:    

स्वाइन फ्लू के 19 नए मरीज, पीड़ितों की संख्या 616 हुई

नई दिल्ली, 6 अगस्त

दिल्ली में 11 और पुणे में आठ मामलों के साथ ही गुरुवार को स्वाइन फ्लू के 19 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही देश में पीड़ितों की संख्या 616 हो गई है। गुरुवार को पुणे और दिल्ली दोनों शहरों में सैकड़ों लोग सतर्कता बररते हुए जांच के अस्पतालों में उमड़ पड़े।

स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार गुरुवार को स्वाइन फ्लू के 19 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसमें दिल्ली (11) और पुणे (8) शामिल हैं।

बयान के अनुसार 616 पीड़ितों में 487 को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। इस बीमारी से देश में अब तक एक मौत हो चुकी है। पुणे में 14 वर्षीय छात्रा रिदा शेख की सोमवार को इस बीमारी से मौत हो गई थी।

दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में गुरुवार को बड़ी तादाद में लोग स्वाइन फ्लू की जांच कराने पहुंचे। चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने लगाए सैकड़ों लोग जांच के लिए अस्पताल पहुंचे।

अस्पताल में एक डाक्टर ने कहा, "दोपहर तीन बजे तक करीब 150 लोग जांच के लिए अस्पताल पहुंचे। ज्यादातर स्वेच्छा से यहां आए थे और जांच कराना चाहते थे। "

लोहिया अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एन.के. चतुर्वेदी ने आईएएनएस से कहा कि हम इस स्थिति के लिए पहले से तैयार थे इसीलिए कोई समस्या नहीं आई।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को पुणे के नायडू अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच कराने के लिए करीब 1,000 लोग पहुंचे थे।

उड़ीसा में गुरुवार को एक इंजीनियर में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने के बाद उन्हें कटक के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह हाल ही में सिंगापुर से लौटे हैं।

गुजरात सरकार ने सभी निजी अस्पतालों को स्वाइन फ्लू से संक्रमित सभी मरीजों को सरकारी अस्पतालों में भेजने का निर्देश दिया है।

रिदा के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी :

रिदा शेख के परिजनों ने गुरुवार को निजी जहांगीर अस्पताल और उसके रक्त का परीक्षण करने वाले रुबी हाल क्लिनिक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसे इस प्रकार की एक शिकायत दर्ज करने का निर्देश महाराष्ट्र सरकार के संयुक्त निदेशक (स्वास्थ्य) से भी मिला है।

बुंद गार्डन पुलिस थाने के वरिष्ठ इंस्पेक्टर एस.एम.नाडगौडा ने बताया कि रिदा के पिता साजिद शेख और उसकी चाची आयशा अपने वकील आसिफ लैंपवाला के साथ दोपहर को थाने आए और एक लिखित शिकायत दर्ज कराई।

नाडगौडा ने आईएएनएस से कहा कि उनकी शिकायत स्वीकार कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच करेगी। इसके बाद प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मामले को एक विशेष समिति को सौंपा जाएगा, जो सुझाव देगी कि अस्पताल और क्लिनिक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाए। इसके बाद पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।

रिदा के परिजनों का आरोप है कि यदि समुचित इलाज होता तो उसकी जान बच सकती थी। अस्पताल के स्वास्थ्य अधिकारी इस आरोप से इंकार कर रहे हैं। परिजनों का यह भी आरोप है कि रुबी हाल क्लिनिक ने खून की जांच भी सही तरीके से नहीं की।

महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू पीड़ितों की संख्या 172 हुई :

महाराष्ट्र में गुरुवार सुबह तक स्वाइन फ्लू के 30 नए मामले सामने आने के साथ ही राज्य में इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 172 हो गई है।

स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के प्रमुख प्रदीप आवटे ने बताया, "नौ नए मामले पुणे से और चार मुंबई से सामने आए हैं। पीड़ितों में एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल है।"

उन्होंने बताया कि राज्य के वरिष्ठ अधिकारी आई.एस. चहल हाल ही में ब्रिटेन से लौटे थे। उनमें स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने के बाद बुधवार रात कस्तूरबा अस्पताल में उनकी जांच की गई और वे संक्रमित पाए गए।

पुणे में सेंट ऐंस हाई स्कूल की दो छात्राओं में इस बीमारी का संक्रमण पाया गया है जबकि एक अन्य को नायडू अस्पताल में अलग-थलग रखा गया है। रिदा शेख भी इसी स्कूल की विद्यार्थी थी।

राज्य का स्वास्थ्य विभाग इस समय स्वाइन फ्लू से पीड़ित 172 लोगों की निगरानी कर रहा है। इनमें से 118 मामले पुणे, 26 मामले मुंबई, 25 मामले पंचगनी, दो मामले ठाणे और एक मामला नासिक से सामने आया है।

सतारा के जिलाधिकारी विकास देशमुख ने बुधवार को पंचगनी के कुछ स्कूलों का दौरा कर वहां की हालात को सामान्य बताया था।

स्वाइन फ्लू पीड़ित युवक अमेरिका की उड़ान पकड़ने को रवाना :

झारखंड में स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाया गया पहला मरीज अपने गृहनगर जमशेदपुर से अमेरिका की उड़ान पकड़ने के लिए बिना सूचना दिए रवाना हो गया। यह 22 वर्षीय युवक अमेरिका में छात्र है।

गोपाल कुमार नामक युवक में स्वाइन फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हो चुकी थी और वह अपनी मां के साथ अपने फ्लैट में रूका था। उसकी मां खुद एक चिकित्सक हैं।

अधिकारी जब गुरुवार को गोपाल के घर पर पहुंचे तो वह वहां से लापता था। राज्य में उच्च सतर्कता बरतने के आदेश देने के साथ ही कोलकाता हवाई अड्डे के अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।

एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि गोपाल कुमार को गुरुवार को अमेरिका लौटना था। उसके पास वीजा और टिकट था। लगता है वह उड़ान पकड़ने के लिए जिले से बाहर निकलने में सफल हो गया।

बोस्टन के मैसाचुसेट्स में अध्ययनरत गोपाल 23 जुलाई को जमशेदपुर पहुंचा था। उसने गले में कफ और तेज बुखार की शिकायत की थी। उसके कफ के नमूने को जांच के लिए कोलकाता भेजा गया था और जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उसने जोर दिया था कि उसे अलग-थलग नहीं रखा जाए और उसे उसके घर में रहने की अनुमति दी गई थी।

अब तक जमेशदपुर से तीन और बोकारो से स्वाइन फ्लू का एक संदिग्ध मामला सामने आया है। इनके चिकित्सकीय नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है।

(IANS)


 

More from: samanya
677

ज्योतिष लेख

मकर संक्रांति 2020 में 15 जनवरी को पूरे भारत वर्ष में मनाया जाएगा। जानें इस त्योहार का धार्मिक महत्व, मान्यताएं और इसे मनाने का तरीका।

Holi 2020 (होली 2020) दिनांक और शुभ मुहूर्त तुला राशिफल 2020 - Tula Rashifal 2020 | तुला राशि 2020 सिंह राशिफल 2020 - Singh Rashifal 2020 | Singh Rashi 2020