Interview RSS Feed
Subscribe Magazine on email:    

कांग्रेस ने राजनीति को धंधा बना दिया : प्रभात झा

bjp prabhat jha interview

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष प्रभात झा ने कांग्रेस पर भारतीय राजनीति को धंधा बना देने का आरोप लगाया है। वह कहते हैं कि कांग्रेस की कार्यशैली के असर से भाजपा का कार्यकर्ता भी नहीं बच पाया है, क्योंकि वह भी समाज से आता है और उसे लगता है कि राजनीति आमदनी का जरिया है। झा को पार्टी की राज्य इकाई की कमान संभाले आठ मई को एक साल पूरे हो रहे हैं। उनसे खास बाताचीत

प्रश्न : मध्य प्रदेश में बतौर प्रदेशाध्यक्ष कमान संभाले एक साल पूरा हो रहा है, इस कार्यकाल को आप कितना सफल मानते हैं।

प्रभात झा : मुझमें अध्यक्ष का नशा कभी नहीं रहा है, अगर नशा है तो कार्यकर्ता का और मैं उसी कार्यकर्ता के नशे से काम कर रहा हूं। परेशान वह होता है, जिसमें अध्यक्ष का नशा होता है। अध्यक्ष के पद को मैंने जिम्मेदारी के तौर पर लिया है। मैंने पार्टी से कभी मांगा नहीं और जो पार्टी ने कहा उसे छोड़ा भी नहीं। मेरा मिशन 2013 है, इसमें कितना सफल या असफल होता हूं यह मैं नहीं जानता, मगर इतना जानता हूं कि सत्ता की 'हैट्रिक' बनाने के लिए जनता का समर्थन व कार्यकर्ता का सहयोग परम आवश्यक है। इस एक साल में भाजपा ने कांग्रेस से नगरीय निकाय से लेकर विधानसभा उपचुनाव में कई सीटें छीनने में सफलता हासिल की है।

प्रश्न : इस एक साल के कार्यकाल की क्या उपलब्धि रही?

प्रभात झा : मेरे इस एक वर्षीय कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि मध्य प्रदेश में सकारात्मक राजनीति की शुरुआत हुई है। कोई मंत्री या कोई प्रदेश पदाधिकारी आज मुख्यमंत्री की दौड़ में नहीं है। सबका मुख्यमंत्री एक है, इतना ही नहीं भविष्य का मुख्यमंत्री भी तय है। इस मामले में सभी मंत्रियों से भी चर्चा की। उनसे कहा गया है कि सकारात्मक राजनीति करो। पिछले सात माह इस बात के गवाह हैं कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्रुतगति से जनता के बीच जा रहे हैं और मैं (प्रभात झा) अगर कुक्षी व सोनकच्छ के उपचुनाव न होते तो 350 मंडलों तक पहुंच गया होता, मगर दोनों चुनाव महत्वपूर्ण थे, कांग्रेस से सीटें छीननी थीं। इसमें सफलता भी मिली, लिहाजा 282 मंडलों तक ही पहुंच सका। इसके अलावा एक बड़ी उपलब्धि सदस्यता अभियान में इंदौर में इतिहास रचने की रही, जहां सिर्फ 24 घंटों में दो लाख सदस्य बनाए गए हैं।

प्रश्न : बीते एक साल में ऐसा क्या रहा जो आप करना चाहते थे और नहीं कर पाए?

प्रभात झा : मैं चाहता था कि पार्टी के सभी छह मोर्चो का 618 मंडलों में गठन हो जाए और उनका अधिवेशन करा दूं, वह नहीं कर सका। एक मात्र ऐसा कार्य है जो सोचा था, लेकिन पूरा नहीं हुआ। मेरा मानना है कि संगठन की जब सभी इकाइयां मजबूत होती हैं, चाहे मोर्चा हो या प्रकोष्ठ तो लगता है कि हमारा उपकरण समृद्ध हो गया। जिस कार्यकर्ता को 'फाइटिंग स्ट्रमेंट' मानते हैं, जब तक उसका गठन नहीं हो जाता तब तक जीत आसान नहीं होती। इस पर प्राथमिकता से विचार चल रहा है। इसे तीन माह में पूरा कर लिया जाएगा।

प्रश्न : आगामी साल की क्या रणनीति व संकल्प है?

प्रभात झा : आगामी साल की योजना है कि 10 हजार गांव तक हमारा महिला व युवा मोर्चा पहुंचे तथा सामाजिक सरोकार बढ़ाए। जिन गांवों में भाजपा ज्यादा प्रभावशाली नहीं है या कम प्रभावशाली है वहां पहुंचने की योजना बनी है। इसके लिए पांच-छह चरणों में काम होगा। इसके अलावा नौजवान व अनुसूचित जाति के लिए चंद्रशेखर की जन्मस्थली भामरा में आजाद मेला और दाहि बुरहानपुर में एक लाख जनजाति वर्ग के लोगों का सम्मेलन करने की योजना है। इसके बाद हितग्राही सम्मेलन सभी जिलों में लगेंगे।

प्रश्न : विधानसभा के दो चुनावों में भाजपा को बहुमत मिला है, लेकिन सीट कम हुई हैं, कहीं यह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घटती लोकप्रियता या पार्टी के कम होते असर का परिचायक तो नहीं है?

प्रभात झा : यह बात सही है कि सीट कम हुई है लेकिन आप यह कैसे नहीं मानेंगे कि शिवराज जिस कठिन दौर में मुख्यमंत्री बने थे उससे निकल कर सरकार बनाना एवरेस्ट की चढ़ाई जैसा था। 2004 से 2008 का चुनाव कठिन था तथा 2008 से 2013 का चुनाव और कठिन होगा। लेकिन सामाजिक सुरक्षा की जो गारंटी शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को दी है उससे लोगों में आत्मविश्वास जागा है। जब राजनीति के प्रति लोगों में घृणा पैदा हो रही है, तब लोग शिवराज को मामा, भैया, चाचा कह रहे हैं, यह जो सामाजिक सरोकार बनाया है उसे सकारात्मक राजनीति की उपलब्धि ही कहा जाएगा। इतना ही नहीं, राज्य में पार्टी के भीतर राजनीति नहीं हो रही है। टांग खींचने का काम बंद है और सभी सकारात्मक राजनीति में लगे हैं।

प्रश्न : भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही है, मगर मध्य प्रदेश के कई मंत्रियों पर आरोप लगे हैं, क्या पार्टी ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का साहस दिखाएगी, ताकि जनता में अच्छा संदेश जाए? वहीं कई पदाधिकारी सेक्स स्कैंडल में भी फंसे हैं।

प्रभात झा : आरोप अगर सिद्ध होंगे तो कार्रवाई होगी, लोकायुक्त एक शिकायत करने की एजेंसी है जहां लोग शिकायत करते हैं। लोकायुक्त अगर अनुशंसा करता है कि हमने जांच में ये तथ्य पाए हैं और अगर उसके बाद कार्रवाई न की जाए तो हमारी गलती हो सकती है। जब ऐसा हुआ ही नहीं है तो हम क्या करें। 2जी स्पेक्ट्रम मामले में पकड़े गए, जेल गए अगर ऐसा कोई मामला हो और कार्रवाई न की गई हो तो कोई कहे। आरोप अलग चीज है, सत्ता पक्ष में बैठे लोगों पर आरोप लग सकता है। जहां तक दो जिला अध्यक्षों की बात है, उन्हें गलत कार्यो में लिप्त पाए जाने पर हटाया गया है।

प्रश्न : कोई भी पार्टी सत्ता में होती है तो उसके कार्यकर्ताओं की अपेक्षा होती है कि उसके काम हों, जब ऐसा नहीं होता है तो असंतोष पनपता है। कार्यकर्ता के काम न हों और असंतोष पनपे, इस बारे में कभी विचार किया है आपने?

प्रभात झा : कार्यकर्ता को सबसे पहले इस बात का संतोष होना चाहिए कि उसकी ताकत व जनता के समर्थन से सरकार है। असंतोष इस बात से नहीं होना चाहिए कि सरकार धंधा कराने की मशीन है। कांग्रेस ने भारतीय राजनीति को धंधा बना दिया है और हमारा कार्यकर्ता भी समाज से आता है इसलिए उसे लगता है कि सरकार आमदनी की चीज है। कार्यकर्ताओं को नवम्बर 2010 में गौरव दिवस का आयोजन कर एहसास करा दिया गया है कि उसकी ताकत से सरकार है। इससे कार्यकर्ता का 'माइंड सेट' हो गया है कि सरकार वैचारिक सुख की अनुभूति देता है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने का उपकरण है सरकार।

प्रश्न : प्रदेश में भाजपा संगठन व सरकार में संघ की भूमिका कितनी प्रभावी है तथा आप उसे किस रूप में देखते हैं?

प्रभात झा : संघ हमारी मातृ संस्था है, जो राष्ट्रीय विचारधारा को जगाने वाला सांस्कृतिक संगठन है। संघ तथा भाजपा का सम्बंध नाभि जैसा है, जिसे न हटाया जा सकता है और न वह हट सकता है। संघ का स्वयंसेवक भाजपा में आता है और भाजपा में आकर स्वयंसेवक बन जाता है।

More from: Interview
20566

ज्योतिष लेख

मकर संक्रांति 2020 में 15 जनवरी को पूरे भारत वर्ष में मनाया जाएगा। जानें इस त्योहार का धार्मिक महत्व, मान्यताएं और इसे मनाने का तरीका।

Holi 2020 (होली 2020) दिनांक और शुभ मुहूर्त तुला राशिफल 2020 - Tula Rashifal 2020 | तुला राशि 2020 सिंह राशिफल 2020 - Singh Rashifal 2020 | Singh Rashi 2020