Khel RSS Feed
Subscribe Magazine on email:    

जिंबाब्वे को हराकर बांग्लादेश ने बनाई 2-0 की बढ़त

बुलावायो, 11 अगस्त

बांग्लादेश ने क्वींस स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर मंगलवार को खेले गए दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में जिंबाब्वे को 50 रनों से हरा दिया। पांच मैचों की श्रृंखला में बांग्लादेश 2-0 से आगे हो गया है।

बांग्लादेश ने रविवार को इसी मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में मोहम्मद अशरफुल के शानदार शतक की बदौलत जिंबाब्वे को आठ विकेट से पराजित किया था।
 
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम ने मेजबान टीम को 321 रनों का पहाड़ सरीखा लक्ष्य दिया। जवाब में खेलते हुए मेजबान टीम 46.1 ओवरों में 271 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। जिंबाब्वे के लिए सीके केवेंट्रे ने 61 और एससी विलियम्स ने 75 रनों की पारी खेली। इसके अलावा एस. मास्केनयरी ने 39 और ई. चिंगुम्बुरा ने 31 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से सैयर रसेल, सकीबुल हसन, नजमुल हुसैन और इनामुल हक जूनियर ने दो-दो विकेट लिए।
 
इससे पहले, बांग्लादेश ने सकीबुल हसन की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 320 रन बनाए। बांग्लादेश ने एकदिवसीय मैचों में अपना सर्वोच्च योग हासिल किया। इससे पहले उसका सर्वोच्च योग 301 रन था, जो उसने वर्ष 2006 में बोगरा में केन्या के खिलाफ बनाया था।
 
अपनी टीम को सम्मानजनक योग तक पहुंचाने वाले सकीबुल 64 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 104 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने 79 रनों का योगदान दिया। तमीम ने 105 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का जड़ा। जुनैद सिद्दीकी (27), मोहम्मद अशरफुल (22), रकीबुल हसन (35) और मुश्फिकुर रहीम (नाबाद 23) ने भी अतुलनीय योगदान दिया।

इस शानदार पारी के साथ सकीबुल का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। उन्होंने एकदिवसीय मैचों का नौवां सबसे तेज शतक लगाया। सकीबुल ने अपना शतक 63 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से पूरा किया। उन्होंने अपना अर्धशतक 40 गेंदों में पूरा किया था।
 
एकदिवसीय मैचों में सबसे तेज शतक लगाने का रिकार्ड पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम है, जिन्होंने 1996 में नैरोबी में श्रीलंका के खिलाफ मात्र 37 गेंदों में शतक पूरा कर लिया था। अफरीदी ने अपनी 102 रनों की पारी के दौरान 11 छक्के और छह चौके लगाए थे।
इसके बाद सबसे तेज शतक लगाने वालों में दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर (44 गेंद), वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा (45 गेंद), शाहिद अफरीदी (45 गेंद), श्रीलंका के सनत जयसूर्या (48 गेंद और 55 गेंद), भारत के वीरेंद्र सहवाग (60 गेंद), भारत के मोहम्मद अजहरुद्दीन (64 गेंद) शामिल हैं।

 
(IANS)
More from: Khel
777

ज्योतिष लेख

मकर संक्रांति 2020 में 15 जनवरी को पूरे भारत वर्ष में मनाया जाएगा। जानें इस त्योहार का धार्मिक महत्व, मान्यताएं और इसे मनाने का तरीका।

Holi 2020 (होली 2020) दिनांक और शुभ मुहूर्त तुला राशिफल 2020 - Tula Rashifal 2020 | तुला राशि 2020 सिंह राशिफल 2020 - Singh Rashifal 2020 | Singh Rashi 2020