HindiLok Mobile edition
मुख्य पृष्ठ | राशिफल | खेल | बॉलीवुड

दाऊद की प्रेमिका बनने की दौड़ में कैटरीना सबसे आगे !

17 मार्च, 2011

मुंबई। 'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई' में दाऊद की भूमिका में दिखे इमरान हाशमी की प्रेमिका का किरदार निभाया था प्राची देसाई ने। लेकिन, इसी फिल्म के सीक्वल में प्राची के लिए कोई जगह नहीं है। अलबत्ता, नए दाऊद की प्रेमिका का किरदार निभाने की दौड़ में कैटरीना कैफ सबसे आगे हैं। हालांकि, उनके लिए बाजी जीतना इतना भी आसान नहीं है क्योंकि करीना कपूर, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा को भी कतार में शामिल बताया जा रहा है।
 
अपने कंफ्यूजन को इंजॉय कर रहा हूं : मनु रिषी (इंटरव्यू)

'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई' की जबरदस्त सफलता के बाद एकता कपूर इस फिल्म का सीक्वल बनाने की तैयारी कर रही हैं। इस फिल्म में इमरान हाशमी के बजाय अक्षय कुमार दाऊद की भूमिका में होंगे। दाऊद की जिंदगी से हाजी मस्तान का किस्सा पिछली फिल्म में ही खत्म हो चुका है, लिहाजा अब छोटा राजन जैसे नए किरदार दिखायी देंगे। लेकिन, सवाल दाऊद की प्रेमिका का है और इस किरदार के लिए कैटरीना कैफ का दावा सबसे मजबूत माना जा रहा है,जो एक लिहाज से फिल्म में असल जिंदगी की मंदाकिनी की भूमिका निभाएंगी।

कैटरीना का दावा दो वजहों से सबसे मजबूत है। पहला-उनका लुक विदेशी है,जो मंदाकिनी का था। दूसरा-अक्षय के साथ उनकी कामयाबी का रिकॉर्ड बेहतरीन है। सिर्फ तीस मार खां को छोड़ दें तो अक्षय-कैटरीना की सभी फिल्में टिकटखिड़की पर बंपर कामयाब रही हैं। इस कड़ी में नमस्ते लंदन, वेलकम जैसी कई फिल्मों का नाम लिया जा सकता है।

वैसे,रेस में दीपिका से लेकर करीना और प्रियंका से लेकर विद्या बालन तक कई नाम हैं, लेकिन सूत्रों की मानें तो कैटरीना का नाम फाइनल है। दिक्कत सिर्फ डेट्स को लेकर है, जिसे सुलझाने की कोशिश की जा रही है। इस फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत में शुरू होगी।

बॉक्स ऑफिस पर वन्स अपॉन ए टाइम-2 क्या कमाल दिखाएगी-यह कहना अभी मुश्किल है। लेकिन, कैटरीना के करियर का यह सबसे मुश्किल रोल्स में एक होगा। आखिर, असल जिंदगी में लोगों ने मंदाकिनी को देखा है। एक असल किरदार को रुपहले पर्दे पर निभाना आसान नहीं होता?


Home | About Us | Feedback | Privacy Policy | Terms